शुक्रवार, नवंबर 11, 2011

फिर वही कहानी लाया हूं, लेकिन संगीत नया है!

रामकुमार सिंह
सोचा ना था और जब वी मेट देखने के बाद मेरे जैसा कोई भी साधारण दर्शक यह अंदाजा लगा सकता है कि इम्तियाज अली के पास पर्दे पर कहानी कहने की एक कला है लेकिन अब उनकी फिल्में देखते हुए अनुमान लगाना आसान हो जाता है कि उनके पास कहानी एक ही है और उसी को आगे-पीछे करके कहते रहते हैं। इस वक्तव्य में दोनों ही चीजें निहित है। आप चाहें तो इम्तियाज को एक ही किस्सा बार-बार कहने के लिए खराब भी कह सकते हैं और यह भी कि एक किस्से को बार बार उसी ताजगी से कहने के लिए तारीफ भी कर सकते हैं।
दिल्ली के जनार्दन जाखड़ उर्फ जोर्डन के एक लड़की से दोस्ती करने, उसकी शादी हो जाने के बाद प्यार करने और हद दर्जे तक प्यार करने के बाद पिटाई खाने और दिल टूटने की आवाज से निकले संगीत के सहारे रॉकस्टार हो जाने, प्राग घूम आने और प्रेमिका को एक गंभीर बीमारी हो जाने और प्रेमी से पुन: मिलने तक की कहानी है रॉकस्टार।
मेरी समझ के हिसाब से रॉकस्टार एक मनोरंजक फिल्म है लेकिन इससे इम्तियाज अली का विस्तार नहीं होता, वे खुद को रिपीट करते हैं। इम्तियाज की फिल्म देखने के लिए मैं थिएटर में घुसने से पहले अंदाजा लगाता हूं कि यह ऐसी फिल्म होगी और वह लगभग वैसी ही लगती है।
खोसला का घोंसला के बाद ओए लकी लकी ओए और लव सेक्स धोखा देखने के बाद एक निर्देशकीय ग्राफ देखने के लिए मैं दिबाकर बनर्जी की ओर देखता हूं। धारावी से लेकर हजारों ख्वाहिशें ऐसी और ये साली जिंदगी के सुधीर मिश्रा को देखता हूं।
बॉक्स ऑफिस के हिसाब से रॉकस्टार की ताकत सितारा रणबीर कपूर और एआर रहमान का दिलकश संगीत है। रणबीर कपूर की सितारा छवि से इतर भी सोचकर कह रहा हूं कि वह चरित्र जिस पृष्ठभूमि से है, उसे उन्होंने ठीक से निभा दिया है। रही बात नरगिस फाखरी की, तो वो हिंदी बोलते हुए अखरती हैं लेकिन अखरती तो मुझे कटरीना कैफ भी है और तमाम वे अभिनेत्रियां, जो अपनी पूरी खानदानी पहचान के साथ अपने अभिनय का कहर ढाती हैं। लिहाजा इसके लिए नरगिस फाखरी और इम्तियाज दोनों को ही दोष देना बेमानी है। यह हमारी सिनेमा परंपरा का ही विस्तार है और सही मानें तो दर्शकों को खास फर्क नहीं पड़ता। वे नरगिस को देखते हुए उतनी ही खुशी महसूस करते हैं।
हजरत निजामुद्दीन दरगाह पर कुन फायाकुन फिल्माया गया है। गीत संगीत, फिल्मांकन और एक सूफियाना रोशनी सब मिल कर विरेचन करते हैं। संगीत के साथ कैमरा पूरी दरगाह से गुजरते हुए गुंबदों तक जाता है। मैं केवल इतना सा हिस्सा देखने के लिए एक बार फिर थिएटर में जा सकता हूं। साड्डा हक एत्थे रख तो जादुई है ही।
शम्मी कपूर फिल्म में एक उस्ताद हैं। शहनाई वादक हैं और शास्त्रीय संगीत को न समझ पाने वाले रॉकस्टार की बातें सुनकर उसके बारे में संगीत कंपनी के मालिक धींगरा कहते हैं – यह बड़ा जानवर है, तुम्हारे पिंजरे में नहीं आएगा। अपना रास्ता खुद बनाएगा। यह संवाद बाहर निकलने के बाद भी याद रहता है। शायद इसलिए भी कि एक दादा अपने पोते को जाते-जाते दुआ ही देकर गया हो।
इम्तियाज अली की लड़कियों के बारे में भी आप पूर्वानुमान लगा सकते हैं। वे बिंदास और खिली-खिली रहती हैं। इस फिल्म वाली फाखरी को एक गंभीर बीमारी देकर इंटरवल के बाद का मामला सीरियस कर दिया लेकिन इंटरवल से ठीक पहले रणबीर और नरगिस का चुंबन याद रहता है। लेटे हुए मालिश करवाता म्यूजिक कंपनी का मालिक ढींगरा (पीयूष मिश्रा) जोर्डन (रणबीर) से बातचीत कर रहा है। यह दृश्य याद रहता है। संपादन के लिहाज से भी फिल्म थोड़ी लंबी लगती है। पता नहीं इसका दोष आरती बजाज को दें या खुद निर्देशक को। एआर रहमान का संगीत फिल्म को ऊपर तक ले जाता है और उसमें इरशाद कामिल के गीत एक नया रंग भरते हैं।
बेशक, रॉकस्टार देखकर मैं खुश हूं लेकिन उतना नहीं जितना होना चाहता था।

मंगलवार, अक्टूबर 11, 2011

घाव को फाहे से सहलाने वाला

 गजल में शाइर का खयाल महत्त्वपूर्ण होता है लेकिन जगजीत सिंह ने साबित किया वे जिस गजल को गाते थे उसमें वे खयाल, रुमानियत या दर्द का एक नया रंग भर देते थे। वे हमारे बीच से गए नहीं है बल्कि और अधिक फैल गए हैं। 






दुनिया में सब मुसाफिरी पर हैं। सबको जाना है। कोई पहले कोई बाद में जाता है लेकिन जगजीत सिंह जिस तरह गए वो दुख देता है। जिस दिन उन्हें ब्रेन हैमरेज हुआ था उसी शाम वे गुलाम अली के साथ मंच से गाने वाले थे।
राजस्थान के श्रीगंगानगर में पैदा और पले बढ़े जगमोहन को, जो बाद में जगजीत हो गए, मुंबई जाना था और सन १९६५ के बाद कोई एक दशक तक जमकर संघर्ष करना था। वे परम्परागत संगीत घरानों से नहीं थे। उनकी आवाज पेड़ों के इर्द गिर्द नाचने वाले फिल्मी नायकों से मेल नहीं खाती थी और दूसरों की गजलें गाकर या शादी पार्टियों में गाकर आजीविका चलाते थे। उसी दौरान चित्रा दत्ता से विवाह किया और उनका बेटा विवेक उनकी दुनिया में आया तो वे बहुत अमीर नहीं थे। बस उनकी ख्वाहिशें अमीर थी। लेकिन सन १९७५ में उनका पहला एलबम अनफॉर्गेटेबल्स आया और नाम के अनुुरूप इसने कमाल कर दिया। जगजीत ने मुड़कर नहीं देखा।
असल में जगजीत सिंह ने गजल गायकी को जो असाधारण और मौलिक तरीका अपनाया था उसने उन्हें तो स्थापित किया ही। गजल जैसी एक क्लासिकल विधा को आम जनता में लोकप्रिय कर दिया। वे आज भी युवाओं में उतने ही लोकप्रिय रहे हैं जितने बुजुर्गों में। उनकी आवाज चिर युवा रही और आने वाले वर्षों में रहेगी। उनकी गायकी ऐसे काम करती है जैसे कोई गहरे घावों को रूई के फाहे से सहला रहा हो। जैसे आप चांदनी रात में एक शांत नदी में नौकायन कर रहे हों। जैसे बारिश की पहली बूंदों की खुशबू महसूस कर रहे हों।
जयपुर में कितनी ही बार वे आए और पिछले दो दशक में लगभग हर बार उनको लाइव सुनने का अवसर मिला। वो यादगार शाम कोई कैसे भूल सकता है जब जयपुर के अलबर्ट हॉल के सामने खचाखच भरे रामनिवास बाग में जगजीत सिंह अपनी माटी को नमन कर रहे थे। उसी मंच से उस दिन रेशमा और मेहदी हसन भी अपने राजस्थानी होने का गर्व कर रहे थे।
जगजीत सिंह इसलिए भी महत्त्वपूर्ण है कि गजल जैसी शास्त्रीय विधा के सांस्कृतिक संस्कार वे कई पीढियों को देकर गए हैं। आप संगीत के तकनीकी पहलुओं को समझते हैं या नहीं, इससे खास फर्क नहीं पड़ता लेकिन अगर आप एक बार जगजीत सिंह को सुन लेते हैं तो आपको संगीत से प्यार हो जाएगा, गजल से प्यार हो जाएगा। कई सारे संस्थान, कई सारी सरकारें पूरी पीढ़ी को संगीत से उतना संस्कारित नहीं कर सकते जितना काम अकेले जगजीत सिंह कर गए।
दरअसल गजल में शाइर का खयाल महत्त्वपूर्ण होता है लेकिन जगजीत सिंह ने साबित किया वे जिस गजल को गाते थे उसमें वे खयाल, रुमानियत या दर्द का एक नया रंग भर देते थे। वे हमारे बीच से गए नहीं है बल्कि और अधिक फैल गए हैं। 

बुधवार, अक्टूबर 05, 2011

क्या राजस्थानी सिनेमा संभव है?



-रामकुमार सिंह-

तीन दिन तक जवाहर कला केंद्र में चले राजस्थानी सिनेमा के जलसे में सबसे अच्छी बात यह थी कि जितनी फिल्में दिखाई गई वे लगभग हाउसफुल रहीं। मुंबई से आए लगभग लुप्त प्राय: राजस्थानी फिल्म इंडस्ट्री के यातनाम कलाकार और झंडाबरदार भी आए लेकिन क्या यह स मेलन करने मात्र से राजस्थानी सिनेमा के पनपने के आसार बनते हैं। मैं क्रूर होकर कहूं तो सच यह है कि ऐसा नहीं होगा। दरअसल पूरा फिल्म उद्योग हर ह ते एक नई करवट लेता है। एक शुक्रवार का बॉक्स ऑफिस का किंग अगले ह ते अपदस्थ होता है और उसे नया राजा मिल जाता है। कई बार एक ही राजा बार बार राज करता है, जैसे पिछले डेढ साल से सलमान खान कर रहे हैं। तो जिस राजस्थान में पिछले दो दशक में कोई महत्त्वपूर्ण फिल्म राजस्थानी भाषा में नहीं बनी तो तो अचानक यह चमत्कार कैसे हो सकता है?

मुझे यह राग कुछ जिस तरह समझ में आ रहा है, उसका उल्लेख मैं करना चाहूंगा। दरअसल राज्य सरकार ने जब यू सर्टिफिकेट वाली राजस्थानी फिल्मों को पांच लाख रुपए तक के अनुदान की घोषणा की तो यह ठहरे हुए पानी में कंकर था। कई पुराने खापट निर्माता कलाकारों और संघर्षरत लोगों के लिए यह एक अवसर की तरह लगा कि फिल्म बना दो, पांच लाख रुपए पक्के हैं।

जबकि यह अनुदान सिनेमा के लिए मजाक है। जिस दौर में गांव में टेलीविजन को व्यापक विस्तार हो चुका है, जहां गांव के लोगों के पास अपना सिनेमा देखने का विकल्प है कि हिंदी से लेकर हॉलीवुड और दुनिया के दूसरे देशों को सिनेमा देख सकती है वहां पांच लाख रुपए के अनुदान के लालच में बनी फिल्म वह क्यों देखेगा? और जो लोग वयस्क हैं, एडल्ट फिल्में देखना चाहते हैं वे छूट के दायरे में क्यों नहीं हैं? समय के साथ एडल्ट सिनेमा की परि ााषा भी बदल गई है। अब एडल्ट फिल्म का मतलब छिछौरी फिल्में नहीं बल्कि उसमें वल्र्ड क्लास सिनेमा भी शामिल है। जाहिर है फिल्म की गुणवत्ता देखकर अनुदान देने का मापदंड वहां भी लागू होता है।


दूसरी बात, सरकार ने जब मनोरंजन कर में छूट दी तो लोगों को लगा कि सरकार का मन है कि सिनेमा को प्रोत्साहन दिया जाए। दरअसल यह सरकार ने अपने पांवों पर कुल्हाड़ी मारी। सिनेमाघरों की दरों में कोई उल्लेखनीय कमी नहीं आई। सबने चुपके से दरें बढाई और या कुछ ईनामी योजनाएं चलाई कि ह ते में आप एक दिन सस्ती दरों पर फिल्म देखें बाकी हमें बढ़ी दरों पर फिल्म चलाने दें। आपको मालूम ही होगा कि सुबह के शो में जो टिकट आप पिचहतर रुपए में खरीदते हैं, शाम या रात होते होते वह मल्टीप्लेक्स में डेढ़ सौ रुपए में बिकता है। वह भी तब, जब उसमें मनोरंजन कर शामिल नहीं है। संयोग से इस साल एक के बाद एक हिट फिल्में आई हैं और करोड़ों रुपए का राजस्व सरकार ने गंवाया है (या सिनेमाघरों और निर्माताओं ने कमाया है)। सरकार सचमुच अपने भाषायी सिनेमा को प्रोत्साहन देना चाहती थी तो करोड़ों रुपए के मनोरंजन कर को लेकर एक स्लैब बना सकती थी कि सिर्फ राजस्थानी फिल्मों को मनोरंजन कर में छूट दे। हिंदी या हॉलीवुड सिनेमा से कमाए हुए मनोरंजन कर को हर किस्म की फिल्मों को मनोरंजन कर छोड़ देने के बाद तो भाषायी सिनेमा की चुनौती और बढ गई है। मल्टीप्लैक्स और सिनेमाघर मालिक क्षेत्रीय फिल्मकारों को झांकने तक नहीं देंगे।

मशहूर फिल्मकार ऋत्विक घटक कहा करते थे कि फिल्म बनाना हर आदमी के लिए आसान होना चाहिए। जैसे किसी का मन कहानी या कविता लिखने का होता है, नाटक करने का होता है ठीक उतना ही आसान होना चाहिए क्योंकि यह अंतत: अभिव्यक्ति ही तो है। उस जमाने में फिल्म बनाने की लागत बहुत आती थी। अब डिजीटल कैमरा आने के बाद यह बहुत आसान हो गया है। आपके स्टिल कैमरा की साइज के एक कैमरे से आप फीचर फिल्म बना सकते हैं। हालांकि यह भी इतना आसान और सस्ता भी नहीं है कि हर कोई खड़ा हो जाए और कहे कि अब तक वह पेट्रेाल पंप चलाता था और अब मन हो गया है तो फिल्म बना ले। लेकिन सृजनशील बहुत लोगों के लिए सिनेमा बनाने का रास्त सुगम हुआ है लेकिन देखते ही देखते उसे रिलीज करने का दूसरा रास्ता जटिल हो गया है। जबसे सिनेमा से थियेटर के अलावा सैटेलाइट, रिंग टोन और मल्टीमीडिया से जुड़े दूसरे अन्य लाभ कमाने के अवसर पैदा हुए हैं, तब से बड़ी पूंजी वाले कारपॉरेट ने इस पूरे उद्योग को एक कल्पनातीत ऊंचाई दे दी। फिल्म को बना लेने की आसानी और उसे रिलीज करने के तंत्र के बीच गहरा अंतर है। फिल्मों के निर्माण की लागत से कहीं ज्यादा टेलीविजन और दूसरे माध्यमों से उसे प्रचारित करने का बजट हो गया है। जाहिर है, सिनेमाई दुनिया उतनी ही जटिल और दुर्लभ आज भी बनी है, जैसी ऋत्विक घटक कभी नहीं चाहते थे। 

सोमवार, अगस्त 08, 2011

प्रकाश झा क्‍यों अलग हैं



प्रकाश झा की तकलीफ यही है कि देश में इस तरह का सिनेमा लोग बनाते भी नहीं हैं। यदि बड़ी संख्‍या में फिल्‍में बनने लगें तो इन विरोधियों को पाला भी कमजोर हो लेकिन समस्‍या यही है कि जिन चीजों से हमारे दर्शकों और जनता को समस्‍या नहीं है उनसे इन नेताओं को समस्‍या हो जाती है।








इन दिनों प्रकाश झा के बारे में आप बहुत कुछ पढ सुन रहे हैं। खासकर उनकी फिल्‍म आरक्षण को लेकर देशभर में उत्‍सुकता और उत्‍तेजना है। कुछ विज्ञप्तिबाज नेता तेजी से सक्रिय हो गए हैं और उन्‍हें अचानक से लगने लगा है कि सवर्ण जातियों के खिलाफ फिल्‍म में कुछ खराब टिप्‍पणियां हैं, वैसे ही दलितों को लगता है फिल्‍म आरक्षण उनके खिलाफ है। बकौल राजस्‍थानी नेता कि फिल्‍म यदि आरक्षण के पक्ष में हैं तो दलितों की लड़ाई कमजोर होगी और यदि आरक्षण के विरोध में हैं तो आरक्षण के लिए लड़ रहे लोगों की लड़ाई कमजोर होगी।



रविवार की शाम मैं जयपुर के होटल मैरियट में प्रकाश झा के साथ हूं और वे बताते हैं कि फिल्‍म को प्रोडक्‍शन बजट 52 करोड़ रुपए है और प्रचार के बारह करोड और। यानी कुल जमा 64 करोड़ रुपए दांव पर लगे हैं एक गंभीर किस्‍म के फिल्‍मकार के जो चुम्‍मा चाटी या मर्डर सर्डर या लिजलिजी प्रेम कहानी बनाकर उन सब तनावों से बच सकता था जो उसे राजस्‍थान, महराष्‍ट्र, उत्‍तरप्रदेश या दूसरे राज्‍यों में छुटभैया नेताओं की वजह से मिल रहे हैं। हमारी कमजोर ओर लाचार सी कानून व्‍यवस्‍था सारी जिम्मेदारियां फिल्‍मकार पर ही डालती है कि कुछ पंगा हुआ तो आप ही जिम्‍मेदार होंगे।

हिंदुस्‍तान में पॉलिटिकल सिनेमा पर ही यह दिक्‍कत क्‍यों होती है? झा कहते हैं, ऐसा किसी भी सिनेमा के साथ हो सकता है। इस देश में कुछ भी हो सकता है। मैं पूछता हूं कि जब आपको पता है आपकी हर फिल्‍म से किसी न किसी को दिक्‍कत होती है, हर बार रिलीज से पहले तनाव होता है, लोग पब्लिसिटी स्‍टंट कहकर काम चला लेते हैं लेकिन एक निर्माता के रुप में हर बार आप तनाव से गुजरते हैं, क्‍यों नहीं दो भाई, दो लड़कियां, मां बेटे कुंभ के मेले में बिछड़ने टाइप मसाला डाल के बेच सकते हैं तो हर बार यह पंगा क्‍यों लेते हैं, तो प्रकाश झा मुस्‍कराते हैं, कहते हैं मैं नहीं बना सकता वो फिल्‍में। मुझे इसी में मजा आता है।

इस बीच मुंबई से कोई फोन आता है, प्रोड़यूसर्स गिल्‍ड, सरकार ओर झा की खीझ को लेकर बात होती है। वे इशारा करते हैं कि इन सबको ना रिकॉर्ड करें लेकिन वो बातचीत सुनकर मैं उनके तनाव का अंदाजा लगा सकता हूं। एक रचनात्‍मक आदमी जो यह कह रहा है कि वो पिछले सात साल से इस विचार के साथ जूझ रहा था और अब जाकर यह मूर्त हुआ है। जो यह कह रहा है कि यदि अमिताभ इस फिल्‍म के लिए हां नहीं कहते तो मैं फिल्‍म शुरू ही नहीं करता। जो यह कह रहा है कि उसकी अगली फिल्‍म की कहानी भी देश के राजनीतिक माहौल के इर्द गिर्द ही होगी तो तनाव के बीच यह हौसला ही साबित करता है कि प्रकाश झा सबसे अलग क्‍यों हैं?

वे उन लोगों से लड़ रहे हैं,‍ जिनसे जब हमने प्रेस कांफ्रेंस में पूछा कि जब सेंसर बोर्ड ने फिल्‍म को प्रमाण पत्र दे दिया है तो उन्‍हें क्‍या आपत्ति है ओर उनका जबाव है कि सेंसर बोर्ड में भी आदमी बैठते हैं, उनसे गलती हो सकती है, और वे उस गलती को सुधारना चाहते हैं। मुझे पता है वे सब ऐसे नेता है जो इस फिराक में रहते हैं कि कोई मुद़दा हडपें। वे कभी सिनेमा नहीं देखते। वे सिनेमा माध्‍यम को रत्‍ती भर भी नहीं समझते।

प्रकाश झा की तकलीफ यही है कि देश में इस तरह का सिनेमा लोग बनाते भी नहीं हैं। यदि बड़ी संख्‍या में फिल्‍में बनने लगें तो इन विरोधियों को पाला भी कमजोर हो लेकिन समस्‍या यही है कि जिन चीजों से हमारे दर्शकों और जनता को समस्‍या नहीं है उनसे इन नेताओं को समस्‍या हो जाती है।

झा एक बात और कह रहे हैं कि मैं दावे से कह सकता हूं कि फिल्‍म रिलीज होने के बाद जब ये लोग देखेंगे तो शायद खुद ही पछताएंगे कि वे क्‍यों‍ बिना किसी आधार के विरोध कर रहे थे क्‍योंकि फिल्‍म में ऐसा कुछ भी नहीं है। वो किसी जाति विशेष के खिलाफ नहीं है। यहां तो हालात ही खलनायक की तरह व्‍यवहार कर रहे हैं। यह एक पूरा तंत्र खड़ा हो गया है, जिसकी ओर फिल्‍म संकेत करती है, बाकी फिल्‍म को मूल तो एक इमोशनल कहानी है। पता नहीं लोग क्‍यों नहीं समझते।



प्रकाश झा पर बौदि़धक तबके का यही आरोप है कि उन्‍होंने स्‍टारडम से अलग एक मौलिक सिनेमा बनाने की कोशिश की तो अब वे सितारों वाले सिनेमा की तरफ कैसे मुड़ गए? झा कहते हैं, क्‍या करूं, जब फिल्‍म बनाने की लागत वही है और अच्‍छी कहानी भी मेरे पास है तो मुझे बॉक्‍स आफिस भी तो देखना है। आप देखिए, अच्‍छी बनी फिल्‍मों के क्‍या हाल हैं। शो कैंसिल हो जाते हैं। तो मैं क्‍या करूं? और वे प्रकारांतर से कहते हैं कि धारा बदलने वाले सिनेमा का खिताब आप लोगो ने दिया है, मैं तो फिल्‍मकार हूं अपने तरह की फिल्‍म बनाता हूं।



भाषा को लेकर वे आश्‍वस्‍त हैं, मैंने कहा, राजनीति में इतनी शुद़ध हिंदी कि लगता नहीं आप इस दौर में इस तरह की भाषा इस्‍तेमाल कर सकते हैं, वे मुस्‍कराते हुए कहते हैं, यह सब आपको आरक्षण में भी मिलेगा। राजनीतिक सामाजिक उथल पुथल वाले डायलॉग की जटिलता के बारे में कहा तो बोले, बार बार सुनिए ना, समझ में आएगा।



इस पूरे तनाव के बीच भी उनके पास एक विट है, हास्‍यबोध है। इस बातचीत के बीच भीतर आ गए पत्रकार मित्र ने पूछा कि पर्दे के पीछे से इतना काम किया है, कभी पर्दे पर आने की सोची है। वे कहते हैं, आजकल मैं ही मैं इतना पर्दे पर आया हुआ हूं। लोगों को स्‍पष्‍टीकरण दे रहा हूं कि मेरी फिल्‍म में ऐसा कुछ नहीं है।

फिर वो कहते हैं, राजनीति में भी मैं एक जगह पर्दे पर था और आरक्षण में भी पर्दे पर नजर आउंगा। मैंने धांसू काम किया है और देखना फिल्‍म मेरे ही अभिनय के दम पर सुपर डुपर हिट होगी।

बुधवार, जुलाई 27, 2011

सिंघम: हिंदी सिनेमा की दबंग धारा

निर्देशक रोहित शेट्टी की पहचान कॉमेडी फिल्मों से है और हमेशा यह कहते रहे हैं कि वे असल में एक्शन फिल्में बनाना चाहते थे। सिंघम के जरिए उनकी यह मंशा पूरी हुई है और पर्दे पर दिख रहे क्रेडिट्स के मुताबिक एक्शन डिजायन खुद रोहित ने किए हैं। 

सिंघम हिंदी फिल्मों में इन दिनों चल रही दबंग धारा की फिल्म है और यह एक ईमानदार पुलिस अफसर की कहानी है जो भ्रष्ट नेता से लड़ता है। ऎसी सैकड़ों फिल्में हम कई बार देख चुके हैं जिसमें इंस्पेक्टर विजय ईमानदार होता है लेकिन सिंघम समकालीन फिल्म है और उसमें समकालीन मसाले हैं। उसमें रोहित शेट्टी का कामयाबी वाला स्पर्श है, जहां वे हंसी में एक्शन और एक्शन में हंसी का घालमेल बहुत जोरदार ढंग से करते हैं। 

कहने को यह साउथ की फिल्म सिंगम को रीमेक है लेकिन हिंदी के आम दर्शक इसे देखते हुए अपनी कुर्सी नहीं छोड़ते। यह दरअसल हिंदुस्तानी आम जनता का सिनेमा है, जिसे एक नायक चाहिए जो बुराइयों से लड़ता है। यहां उनका नायक बाजीराव सिंघम है, जो छोटा सा इंस्पेक्टर है लेकिन उसके काम करने के अलग ढंग से एक दिन पूरा पुलिस महकमा उस पर गर्व करता है। इसमें कुछ प्रयोगशील और क्रांतिकारी नहीं है लेकिन जब नायक लाइट का पोल उखाड़ता है और जीप के समांतर दौड़ते हुए गुंडों की पिटाई करता है या जब मंत्री को उसके ही कमरे में घुसकर पिटाई करता है तो आम दर्शक के भीतर भरे गुस्से का विरेचन होता है, मनोरंजन तो खैर होता है ही। 

फिल्म की पटकथा बांधे रखने वाली है। इंटरवल तक नायक और खलनायक की कोई सीधी टक्क्र नहीं है लेकिन वह भूमिका जरूर तैयार हो रही है। बाजीराव अपने ही गांव की चौकी में इंस्पेक्टर है और लगभग एक पंचायत की तरह से ही काम करता है। वह पूरे गांव का चहेता है और गांव के मूल्यों में ईमानदारी और अपनों के काम आने की आदत उसमें हैं लेकिन उसी सिंघम का मुकाबला जब एक भ्रष्ट माफिया से होता है और उसका तबादला दंड स्वरूप जब शहर में कर दिया जाता है तो बाजीराव एक बार टूटता है लेकिन जो एक चेहरा बार बार रोहित पर्दे पर दिखाते हैं, वह उस ईमानदार इंस्पेक्टर का पंाच साल का बच्चा है जिसने माफिया जयकांत शिक्रे के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली थी। उसी बच्चे के संवाद पर बाजीराव टिकता है और फिर मुकाबला शुरू होता है। 

अजय देवगन की शुरूआत एक्शन फिल्म से ही हुई थी और यहां वे पूरे रंग में हैं। लेकिन एक अलग चरित्र और जोरदार भूमिका प्रकाश राज की भी है। जयकांत शिक्रे कुछ सनकी, एक ईगोइस्ट नेता कारोबारी के रूप में वे हंसाते भी हैं और थ्रिल भी करते हैं। अभिनेत्री काजल अच्छी ही लगी हैं। बहरहाल रोहित पूरी फिल्म में कॉमेडी का दामन नहीं छोड़ पाए हैं। यहां तक की पूरे क्लाइमेक्स में भी हंसने के पर्याप्त अवसर हैं। पटकथा सचमुच मनोरंजक है और विटी संवादों की वजह से फिल्म पैसा वसूल है। आप एक्शन फिल्मों के शौकीन हैं, अजय देवगन के फैन हैं और सिस्टम पर अपना गुस्सा अंधेरे में बैठे हुए निकालना चाहते हैं तो यह फिल्म आपके लिए है।

जिंदगी मिलेगी ना दोबारा

निर्देशक जोया अख्तर की फिल्म जिंदगी मिलेगी ना दोबारा एक खूबसूरत फिल्म है। अगर आप पुरानी फिल्मों से तुलना करने के आदी हैं तो इसमें दिल चाहता है और थ्री इडियट का मिश्रण है। गोया कि इसमें जिंदगी को देखने का एक आभिजात्य नजरिया है, लेकिन इसे आप जहां से खड़े होकर देखेंगे, खूबसूरत ही नजर आएगी।

कबीर (अभय देओल) की शादी होने वाली है। वह अपने दो पुराने दोस्तों के साथ स्पैन की बैचलर ट्रिप पर जाना चाहता है। दूसरे दोस्त हैं कॉपी राइटर और कवि इमरान (फरहान अख्तर) और फाइनेंशियल ब्रेाकर अर्जुन (रितिक रोशन)। इमरान के पास भी स्पैन जाने का मिशन है लेकिन हरदम पैसे कमाने में लगे हुए और चालीस के बाद रिटायर होने की प्लानिंग कर चुके अर्जुन को मनाने में जोर आता है। 

तीनों दोस्त एक यात्रा पर निकलते हैं। यह यात्रा उनके बीते हुए दिन लौटाती है और जब वापस लौटते हैं तो उनकी जिंदगी एकदम से बदल गई है। असल में यह केवल इन तीन दोस्तों की नहीं, बल्कि दर्शकों की भी एक तरह से स्पैन की यात्रा है। करीब पौने तीन घंटे की इस यात्रा में दर्शक स्पैन की अनछुई लोकेशन्स का आनंद लेते हैं और एक जीवन दर्शन तो साथ चलता ही है। कथा प्रवाह की सहजता और संवादो में विट आनंददायी हैं। 

जिंदगी से उठाए किस्से और कुछ जिंदगी में वांछित रोमांच सिनेमा के पर्दे पर है। दरअसल पूरी कहानी के अन्तप्रüवाह में प्यार, पैसा और खुद की तलाश में सारे पात्रों का एक समानांतर संघर्ष है लेकिन वह ऊबाऊ नहीं लगता और सारे पात्र युवा पीढ़ी के प्रतिनिधि चरित्रों की तरह उभरकर आए हैं। चूंकि निर्देशक एक लड़की है, तो लड़कियों के दोनों ही चरित्र कटरीना और कल्कि में जो खूबसूरती और उनके भीतर की लड़की को दिखाया है, वह इसलिए महत्त्वपूर्ण है कि हमारे यहां बहुत कम फिल्मों में लड़कियां अपने पूरे ख्वाबों के साथ के मौजूद होती हैं। 

आप मानें तो फिल्म की एक खूबी यह भी है कि नए सिनेमा और नई जुबान के सिनेमा के नाम लगातार आ रही एडल्ट फिल्मों से इतर यह एक ऎसी फिल्म है जिसे आप सपरिवार देख सकते हैं। फिल्म के भीतर इस्तेमाल जावेद अख्तर की कविताएं अच्छी लगती हैं। एक तरह पूरी फिल्म की कविता की तरह बहती है। एक खूबसूरत कहानी के खूबसूरत और ईमानदार फिल्मांकन के लिए यह फिल्म आप देखें। थोड़ी देर के लिए ही सही, फिल्म जिंदगी जीने का एक नया नजरिया देती है

शनिवार, जुलाई 09, 2011

मर्डर 2: गोवा की पृष्ठभूमि में रचा थ्रिलर





मर्डर की कामयाबी से उत्साहित महेश भट्ट और निर्देशक मोहित सूरी मर्डर 2 को पर्दे पर लेकर आए हैं। फिल्म की कहानी पुरानी मर्डर से अलग है। असल में यह एक रिलेशनशिप से ज्यादा एक थ्रिलर फिल्म है जिसमें एक साइको किलर लड़कियां उठाता है और उनकी हत्या कर देता है। अर्जुन (इमरान हाशमी) एक पुराना पुलिसवाला है लेकिन आजकल वह दलाली और दूसरे धंधे कर रहा है। यह उस रहस्य को सुलझाने में लगा है लेकिन सरकार के कहने से नहीं बल्कि एक लोकन दलाल से पैसे लेकर बदले में यह काम कर रहा है।

कहानी गोवा की पृष्ठभूमि में है और फिल्म देखते हुए यूं लगता है जैसे गोवा कोई डरावनी जगह है। अर्जुन की एक दोस्त है प्रिया (जैकलीन फर्नाडीस) जो मॉडल है और कैमरे और कमरे दोनों में निर्बाध रूप से कपड़े खोल रही है, अुर्जन और प्रिया के बीच होने वाले संवाद नकली और बनावटी प्रेम संवाद हैं। एक बानगी देखिए, लड़की पूछती है कि मैं तुम्हारी मोहब्ब्ात हूं या जरूरत? तो लड़का तुक मिलाते हुए संक्षिप्त में कहता है, आदत। ऎसे दृश्यों और संवादों पर युवाओं की तालियां पड़ रही हैं। पर्दे पर गाली और थियेटर में ताली इस दौर की फिल्मों का नया मुहावरा हो गया है और यह कोई अच्छा संकेत नहीं।

लेकिन इस सिनेमाई मुहावरे से इतर मर्डर एक थ्रिलर है और इसकी खूबी यह है कि यह दर्शक को बांधकर रखती है। कहानी में बहुत ज्यादा नयापन नहीं है लेकिन फिल्म के कुछ दृश्य सचमुच डराते हैं और कुछ दृश्य गैर जरूरी से हैं जहां सेक्स को बेचा गया है। शुरूआत के आधे घंटे की फिल्म में पर्दे पर ज्यादा देर इमरान और जैकलीन की उपस्थिति है और चुंबन और बैडरूम दृश्य हैं। लेकिन मर्डर 2 में दर्शनीयता लगातार बनी रहती है और इसकी वजह है कि पटकथा का प्रवाह। इमरान हाशमी को एंग्री यंग मैन की छवि देने की कोशिश की गई है।

खासकर दीवार के अमिताभ से प्रेरित वे दृश्य जिसमें पहले वह चर्च में जाने से इनकार करता है और ईश्वर से अपना छत्तीस का आंकड़ा बतााता है और फिल्म खत्म होने तक अपनी घायल टांग घसीटते हुए वह चर्च तक जाता है। फिल्म में सबसे काबिले तारीफ और सहज काम लगा प्रशांत नारायण का जो एक साइको किलर की भूमिका निभा रहे हैं। गीत और संगीत औसत हैं। उनमें मर्डर जैसी शब्दावली और कर्णप्रियता का अभाव है। सिनेमाटोग्राफी ठीक है। कुल मिलाकर मर्डर 2 थ्रिलर के शौकीन लोगों के लिए है। यह कोई रोमांटिक फिल्म नहीं है, लेकिन रोमांस में जिस्म नुमाइश की जितनी गुंजाइश होती है उससे भी ज्यादा बेचने का काम मोहित सूरी ने किया है और लग रहा है कि यह बिकेगा